मंगलुरु । कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बुधवार तड़के मंगलुरु के नागुरी क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन में बिहार मूल के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान पूरा कर प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। बुधवार तड़के नागुरी क्षेत्र में स्थित एक मकान पर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा आ गिरा। मलबे के नीचे पूरा परिवार दब गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग, पुलिस तथा राज्य आपदा प्रबंधन बल की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बालकृष्ण (48), अल्का (14) और अनुषा (11) को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया। तीनों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हालांकि शांता (46), अनामिका चौरसिया (8) और परी (4) को बचाया नहीं जा सका। मलबे में दबने से तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त दर्शन एच. वी. वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवार को आवश्यक आर्थिक एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि मृतक और घायल मूल रूप से बिहार के निवासी थे। परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से मंगलुरु के कंकनाडी गांव में कंकनाडी पुलिस थाने के पीछे स्थित क्षेत्र में रह रहा था। लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण पहाड़ी की मिट्टी खिसकने से यह हादसा हुआ।


