संताल एक्सप्रेस संवाददाता
राजमहल- राजमहल थाना क्षेत्र के जयराम डांगा गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर हुए मारपीट में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. जबकि बुजुर्ग की पत्नी व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक के पुत्र रामदेव यादव ने बताया कि राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत जयराम डांगा गांव निवासी रुदल यादव 70 वर्ष और हरि किशोर यादव के बीच लंबे समय से एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. जिसे लेकर कई बार पंचायती कर आपस में सुलह कराने का प्रयास किया गया. परंतु ऐसा नहीं हो पाया. बुधवार को इसी विवादित जमीन पर हरि किशोर यादव बाउंड्री का काम कर रहा था. मृतक के पुत्र रामदेव यादव द्वारा इसका विरोध करने पर हरि किशोर यादव और उनके पुत्र राम अवतार यादव, धर्मराज यादव, धर्मवीर यादव एवं परमेश्वर यादव सभी मिलकर मारपीट करने लगे. इसी बीच रामदेव यादव वहां से भाग कर अपनी जान बचाई.
जबकि बीच बचाव करने आए रामदेव यादव के पिता रुदल यादव ,उनकी माता रेखा देवी उम्र 60 वर्ष और उनके भाई जीतू यादव उम्र 25 वर्ष के साथ हरी किशोर यादव एवं अन्य ने मारपीट की. जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों एवं परिजनों के सहयोग से तीनों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल लाया गया. जहां चिकित्सक डॉ उदय टुडू ने 70 वर्षीय रुदल यादव को मृत घोषित कर दिया. जबकि रेखा देवी एवं जीतू यादव का प्रारंभिक इलाज करने के बाद बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर रेफर कर दिया. इधर घटना की जानकारी मिलते ही राजमहल पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एसआई महादेव उरांव, एएसआई सर्जन मुर्मू, सनातन हेम्ब्रम, नंदकिशोर यादव सहित अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एवं घटना की जानकारी लेते हुए जांच में जुटी है. वही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. इधर घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.


