संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा – मालदा रेल मंडल के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है. दोनों के कब्जे से कुल 47.160 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है. जिसकी अनुमानित कीमत 36 हजार 540 रुपये बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय के समीप दो संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग एवं अन्य सामान के साथ खड़ा हैं. सूचना के सत्यापन के लिए निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन किया गया और स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया.जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया.पूछताछ करने पर दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके तथा संदिग्ध व्यवहार करने लगे.इसके बाद यात्रियों की मौजूदगी में उनके सामान की तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान बेगूसराय जिले के राजौरा निवासी 30 वर्षीय परशुराम राय के बैग एवं झोले से विदेशी शराब के कुल 86 पाउच शराब बरामद किए गए. वहीं बेगूसराय जिले के खम्हार निवासी 39 वर्षीय विकेश ठाकुर के दो ट्रॉली बैगों से विदेशी शराब के 176 पाउच शराब बरामद हुए.कुल मिलाकर दोनों के कब्जे से विदेशी शराब के 262 पाउच बरामद किए गए. जिनकी कुल मात्रा 47.160 लीटर आंकी गई है. बरामद शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 36 हजार 540 रुपये बताया गया है.रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बरामद शराब एवं बैगों को विधिवत जब्त कर लिया गया. इस दौरान प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों से जब्ती प्रक्रिया में गवाह बनने का अनुरोध किया गया. लेकिन कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया.
प्राथमिक जांच में बरामद शराब की मात्रा निर्धारित व्यक्तिगत सीमा से कहीं अधिक पाई गई. जिससे यह आशंका व्यक्त की गई कि दोनों आरोपी व्यावसायिक उद्देश्य से रेलवे मार्ग के जरिए अवैध रूप से विदेशी शराब का परिवहन कर रहे थे.
सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.इसके पश्चात जब्त विदेशी शराब, जब्ती सूची, गिरफ्तारी संबंधी दस्तावेज तथा लिखित शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग साहिबगंज के पदाधिकारी दीपक कश्यप को सौंप दिया गया.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


