जामताड़ा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अजय नदी के कटंकी श्मशान घाट के समीप से बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार को सूचना मिली थी कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के नियमों और प्रतिबंधों की अनदेखी करते हुए अजय नदी से अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। विभागीय टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक और उससे जुड़े लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान ट्रैक्टर पर अवैध रूप से लोड बालू पाया गया। इसके बाद वाहन को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जामताड़ा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में बेचैनी देखी जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


