नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली में वैसे तो मुगलकाल की बहुत सारी ऐतिहासिक इमारते और स्मारक हैं लेकिन उनमें लालकिला एक स्मारक ही नहीं, बल्कि भारत के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। मुगल काल की इस भव्य धरोहर को देखने के लिए हर साल लाखों पर्यटक देश और विदेश से यहां आते हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह से लेकर इसकी शानदार वास्तुकला तक, लालकिला भारतीय इतिहास और संस्कृति का अहम प्रतीक है। यही वजह है कि यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के आंकड़ों के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान लालकिले ने टिकट बिक्री से लगभग 18.09 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया। इस अवधि में करीब 28.78 लाख पर्यटकों ने लालकिला देखा। यदि इस आय को पूरे साल के दिनों में बांटा किया जाए तो औसतन प्रतिदिन करीब 4.95 लाख रुपए की कमाई केवल टिकटों की बिक्री से होती है। पर्यटन के व्यस्त मौसम, विशेष छुट्टियों और त्योहारों में यह राशि और ज्यादा बढ़कर छह से आठ लाख रुपए प्रतिदिन तक पहुंच जाती है। लालकिले में भारतीय नागरिकों और सार्क और बिम्सटेक देशों के पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 35 रुपए तय है, जबकि विदेशी पर्यटकों को 500 से 550 रुपए तक का टिकट खरीदना पड़ता है। इसके अलावा वीडियो कैमरा ले जाने पर अतिरिक्त शुल्क भी लिया जाता है। 15 साल से कम आयु के बच्चों को प्रवेश के लिए कोई टिकट नहीं लेना पड़ता।
विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी पर्यटकों से मिलने वाला राजस्व लालकिले की कुल आय में अहम योगदान देता है, क्योंकि उनकी टिकट दर भारतीय पर्यटकों की तुलना में कई गुना ज्यादा है। लालकिले से मिलने वाला पूरा टिकट राजस्व भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को जाता है। यह संस्था देशभर के संरक्षित स्मारकों के संरक्षण, मरम्मत, सुरक्षा और रखरखाव का कार्य करती है। लालकिले जैसे विशाल और ऐतिहासिक महत्व वाले स्मारक की देखभाल पर भी बड़ी राशि खर्च होती है। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, उद्यानों का रखरखाव, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, तकनीकी सुविधाएं और संरक्षण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा लालकिले से होने वाली आय का इस्तेमाल उन ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण में भी किया जाता है, जहां पर्यटकों की संख्या कम होने के कारण पर्याप्त राजस्व नहीं मिल पाता है। रिपोर्ट के मुताबिक टिकट बिक्री के अलावा लालकिले को अन्य स्रोतों से भी आय प्राप्त होती है।
लाइट एंड साउंड शो, परिसर में संचालित दुकानों और कैफे का किराया, पार्किंग शुल्क और अन्य सुविधाओं से भी राजस्व अर्जित होता है। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल लालकिला दिल्ली पर्यटन का प्रमुख आकर्षण है और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद है। विशेषज्ञों के मुताबिक लालकिले से होने वाली कमाई केवल आर्थिक दृष्टि से अहम नहीं है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखने में भी अहम भूमिका निभाती है।


