मधुपुर : सात-आठ अपराधियों ने घर में घुसकर की वारदात,विरोध करने पर परिवार से मारपीट
मधुपुर । थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित एनएच के समीप शुक्रवार देर रात पुलिस की वर्दी पहनकर आए सात से आठ की संख्या में अपराधियों ने एक घर में धावा बोलते हुए हथियार के बल पर करीब 40 हजार रुपये नकद और हजारों रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए। घटना के दौरान बदमाशों ने गृहस्वामी और उनके परिजनों के साथ मारपीट भी की, जिससे परिवार के लोग दहशत में हैं।जानकारी के अनुसार, मधुपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी महेंद्र यादव के घर देर रात कुछ लोग पुलिस की वर्दी में पहुंचे। घर का दरवाजा खुलवाने के बाद सभी बदमाश अंदर घुस गए और रिवॉल्वर दिखाकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। इसके बाद घर में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद तथा हजारों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। बताया जाता है कि जब परिवार के लोगों ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद तथा मधुपुर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी संतोष गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।


