संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़ । हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलपहाड़ी गांव में मंगलवार को एक युवक के बंद पड़े खदान के गहरे पानी में डूब जाने की आशंका से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि प्रशासन और ग्रामीण युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।जानकारी के अनुसार बेलपहाड़ी निवासी स्वर्गीय सुबोध पहाड़िया का 24 वर्षीय पुत्र राम पहाड़िया मंगलवार दोपहर करीब एक बजे गांव के समीप स्थित ग्रीश मिश्रा के बंद पड़े खदान में नहाने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और वे उसकी तलाश में निकल पड़े।खोजबीन के दौरान परिजन जब खदान के पास पहुंचे तो पानी के किनारे राम पहाड़िया के कपड़े और साबुन पड़े मिले। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए और युवक के खदान के गहरे पानी में डूब जाने की आशंका जताई गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पाकर हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू तथा अंचलाधिकारी मनोज कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से युवक की तलाश और उसे बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुटकर खोजबीन में सहयोग कर रहे हैं।घटना के बाद पूरे बेलपहाड़ी गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था तथा तलाश अभियान जारी था।


