रांची । झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए 18 जून को होने वाले मतदान को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। क्रॉस वोटिंग और जोड़-तोड़ की आशंकाओं के बीच एनडीए और सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन ने अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए किलेबंदी शुरू कर दी है। चुनाव में किसी भी तरह की सेंधमारी को रोकने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। मतदान से पहले एनडीए अपने सभी 24 विधायकों को रांची के होटल रेडिसन ब्लू में ठहराने की तैयारी कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, होटल में 32 कमरे बुक किए गए हैं, जहां सभी विधायकों को सख्त निगरानी में रखा जाएगा।
एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार और अहमदाबाद के उद्योगपति परिमल नाथवानी भी इसी होटल में ठहरे हुए हैं। तय योजना के अनुसार, मतदान के दिन सभी विधायकों और नाथवानी को बसों के जरिए सीधे विधानसभा ले जाया जाएगा। यह चुनाव जेएमएम संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन से खाली हुई सीट और भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के कारण खाली हो रही है। इन दो सीटों के लिए मैदान में तीन उम्मीदवार हैं। सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन की ओर से झामुमो के बैजनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने पर्चा भरकर मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया है। राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से बैजनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।


