पाकुड़। पंचायत सचिवालय ग्रामीण प्रशासन की आधारशिला है। यह केवल योजनाओं के संचालन का केंद्र नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, सुशासन की स्थापना और समावेशी विकास को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उक्त बातें जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती प्रीतिलता मुर्मू ने पाकुड़ प्रखंड अंतर्गत उदयनारायणपुर पंचायत सचिवालय के निरीक्षण के दौरान कही।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक सेवाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
श्रीमती मुर्मू ने पंचायत सचिवालय में अभिलेखों के संधारण, योजनाओं के क्रियान्वयन, नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता की बारीकी से जांच की। उन्होंने पंचायत कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें ।निरीक्षण के दौरान पंचायत में संचालित विकासात्मक गतिविधियों एवं प्रशासनिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक सहभागिता, बेहतर समन्वय और परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाने का आह्वान किया। मौके पर जिला परियोजना प्रबंधक (ई-पंचायत), पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


