ब्यूरो
दुमका। फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को देखकर राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे भानु प्रताप शाही ने वहां की बदहाली के लिए सीधे तौर पर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जिम्मेदार ठहराया और उन पर एक बेहद तीखा और विवादित बयान दे डाला।
भानु प्रताप शाही ने कहा कि अभी बरसात नहीं हुई है, इसलिए नदी, तालाब और कुएं भले सूखे हों, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को चापाकल के पानी में ही डूबकर मर जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपराजधानी के इतने बड़े मेडिकल कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है और मरीजों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।
———-
शिबू सोरेन के साथ रखी थी जिस अस्पताल की नींव, आज उसकी बदहाली पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने जताया गहरा दर्द
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि इस अस्पताल से उनका बेहद पुराना और गहरा रिश्ता रहा है। उनके ही कार्यकाल में इस मेडिकल कॉलेज को एनओसी मिली थी और उन्होंने खुद झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के साथ मिलकर इस संस्थान का शिलान्यास किया था। लंबे समय बाद जब वह यहां की प्रगति देखने पहुंचे, तो अस्पताल की यह दयनीय स्थिति देखकर दंग रह गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में पिछले कई महीनों से अल्ट्रासाउंड जैसी बेहद जरूरी सेवा भी ठप पड़ी है।
———-
निरीक्षण के दौरान फूटा भानु प्रताप का गुस्सा; सोरेन बंधुओं समेत स्वास्थ्य मंत्री पर साधा निशाना
निरीक्षण के दौरान भानु प्रताप शाही ने न सिर्फ स्वास्थ्य मंत्री बल्कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दुमका के विधायक बसंत सोरेन को भी आड़े हाथों लिया। इसके साथ ही उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में मचे घमासान पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता इन दिनों दिल्ली में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चक्कर काट रहे हैं, जो उनके आंतरिक और संगठनात्मक संकट को साफ दर्शाता है।
———
भानु प्रताप का कांग्रेस पर तंज: क्या आपके विधायक ‘घोड़े’ हैं जो बिक जाएंगे?
कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर तंज कसते हुए भानु प्रताप शाही ने पूछा कि क्या कांग्रेस अपने ही विधायकों को ‘घोड़ा’ समझती है? उन्होंने कांग्रेस को नसीहत दी कि वे अपने विधायकों को संभालकर रखें। वहीं दूसरी ओर, उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थित राज्यसभा प्रत्याशी परिमल नाथवानी इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले भारी मतों से जीत दर्ज कर राज्यसभा पहुंचेंगे।


