जीतने वालों में मल्लिकार्जुन खडग़े और पवन खेड़ा शामिल, मप्र-गुजरात की सभी सीटों पर भाजपा जीती; राजस्थान में भाजपा को दो, कांग्रेस को मिली एक सीट, केवट की जीत पर रार!
नई दिल्ली/भोपाल/अहमदाबाद/जयपुर । राज्यसभा चुनाव में गुरूवार को भाजपा को बड़ी सफलता मिली। 14 उम्मीदवार गुरुवार को निर्विरोध राज्यसभा चुनाव जीत गए। इनके सामने कोई और कैंडिडेट खड़ा नहीं था। इनमें 10 भाजपा और 4 कांग्रेस से हैं। चुनाव जीतने वालों में कर्नाटक से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और मीडिया व प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा का नाम शामिल है। वहीं, राजस्थान से भाजपा के सतीश पूनिया, अलका गुर्जर और कांग्रेस के नीरज डांगी निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। इसके अलावा गुजरात से भाजपा के सभी चार राज्यसभा उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। वहीं,मप्र से भाजपा के रजनीश अग्रवाल, तरुण चुघ और महेश केवट की जीत हुई है। हालांकि, इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के खिलाफ पार्टी की याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक के लिए टाल दी थी। इस बीच महेश केवट को मप्र की तीसरी सीट से निर्विरोध जीत घोषित कर दी गई है। इसको लेकर मप्र से लेकर दिल्ली तक राजनीति गरमा गई है।
दरअसल, तीसरी सीट के लिए कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस के पास संख्या बल भी था, लेकिन 9 जून को नटराजन का नामांकन फॉर्म निरस्त कर दिया गया था। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर के खारिज कर दिए जाने के बाद, राज्य की तीसरी राज्यसभा सीट पर मुकाबला भी समाप्त हो गया है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान, भाजपा ने कांग्रेस उम्मीदवार पर हलफनामे में आपराधिक मामले/कोर्ट नोटिस की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था। आपत्तियों की जांच और सुनवाई के बाद उनका पर्चा निरस्त कर दिया गया। इसके साथ ही, भाजपा के तीनों उम्मीदवारों तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट का निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गए हैं। भाजपा के तीनों उम्मीदवार जीत का सर्टिफिकेट हासिल कर लिया है। भाजपा के तीनो उम्मीदवार निर्विरोध राज्यसभा पहुंच गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस अतुल एस चंदूरकर की पीठ ने मीनाक्षी नटराजन की याचिका में रिटर्निंग ऑफिसर के नामांकन रद्द करने के आदेश पर रोक लगाने की गुहार लगाई थी। पीठ ने सुप्रीम कोर्ट के पुराने आदेश का हवाला देते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान अदालत को दखल नहीं देना चाहिए। हालांकि मीनाक्षी के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि अदालत चुनाव होने दे और रिजल्ट घोषित करने पर अपने आदेश का कैप लगा दे। लेकिन अदालत ने दलील दरकिनार कर दी।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को घेरा
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई बैठक में इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए गए। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की जुगलबंदी ने सीट चोरी की है। कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन मामूली आपत्ति पर खारिज कर दिया गया, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार को त्रुटियां सुधारने का मौका दिया गया। चुनाव आयोग ने दो उम्मीदवारों के साथ अलग-अलग व्यवहार किया और कांग्रेस की आपत्तियों का जवाब भी नहीं दिया। वहीं दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस चोरी में सभी शामिल हैं। सिर्फ राज्य सरकार ही नहीं बल्कि केंद्र, चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट भी शामिल है। जब कोर्ट को मालुम था कि शाम 4 बजे के बाद हमारी याचिका निरर्थक हो जाएगी, तो आज सुनवाई क्यों नहीं की।
गुजरात राज्यसभा चुनाव
गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा के सभी चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। राजू शुक्ल, मानसिंह परमार, मुकेश राठवा और जितेंद्र कंजारिया ने जीत दर्ज की है। इसके साथ अब राज्यसभा में गुजरात से 11 सांसद है, सभी सांसद भाजपा के हैं। साल 2029 मे अब अगले राज्यसभा चुनाव होंगे तब तक गुजरात से कांग्रेस का कोई भी सांसद नहीं होगा।
राजस्थान राज्यसभा चुनाव
राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी हो गई है। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद भाजपा के डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर तथा कांग्रेस के नीरज डांगी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
12 सीटों पर 18 जून को वोटिंग
अंध्रप्रदेश की 4, झारखंड की 2 और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल, मिजोरम, महाराष्ट्र, और तमिलनाडु की एक सीट पर 18 जून को वोटिंग होगी। यहां कांग्रेस को एक, भाजपा को 8, जेएमएमए को दो और टीवीके को एक सीट पर जीत मिल सकती है। 244 सदस्यों वाली राज्यसभा में एनडीए के पास अभी 149 सांसद हैं, जबकि विपक्ष के पास 78 और गैर-गठबंधन वाले क्षेत्रीय दलों के पास 17 सांसद हैं।


