अमेरिकी हमले के बाद क्रू सदस्य ने लगाई थी मदद की गुहार
नई दिल्ली । ओमान के तट के पास तेल टैंकर एमटी मारिवेक्स पर हुए अमेरिकी सैन्य हमले के बाद जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों की जान संकट में पड़ गई। हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और उसमें बड़ा छेद हो गया। इसके बाद जहाज से भेजी गई एसओएस कॉल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
संकटग्रस्त जहाज से एक क्रू सदस्य ने मदद की गुहार लगाते हुए बताया कि मिसाइल हमले के बाद जहाज डूबने की स्थिति में पहुंच गया है। सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल के मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर ने ओमान की समुद्री बचाव एजेंसियों से संपर्क किया।
ओमान की रॉयल एयर फोर्स ने तत्काल हेलीकॉप्टर भेजकर सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद ही भारतीय विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की, कि सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भारत ने सफल बचाव अभियान के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया है।


