नई दिल्ली । आयुष मंत्रालय देशभर में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। मंत्रालय द्वारा हाल ही में सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा कर योग के महत्व और ताड़ासन के लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। आयुष मंत्रालय के अनुसार, योग केवल कठिन और जटिल आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐसी सरल और सहज गतिविधियों का समूह है जो शरीर को स्वस्थ, संतुलित और लचीला बनाए रखने में मदद करती हैं। आयुष मंत्रालय के अनुसार बढ़ती उम्र के साथ योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना बेहद आवश्यक हो जाता है। मंत्रालय ने बताया कि ताड़ासन, जिसे माउंटेन पोज़ भी कहा जाता है, योग की सबसे बुनियादी और महत्वपूर्ण मुद्राओं में से एक है।
यह आसन पूरे शरीर को हल्का खिंचाव प्रदान करता है और शरीर की मुद्रा यानी पोश्चर को बेहतर बनाने में मदद करता है। नियमित रूप से इसका अभ्यास करने से शरीर का संतुलन सुधरता है और मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। मंत्रालय द्वारा साझा किए गए वीडियो में ताड़ासन करने की सही विधि भी बताई गई है। इसके अनुसार सबसे पहले सीधे खड़े होकर दोनों हाथों को ऊपर उठाना चाहिए। इसके बाद पूरे शरीर को ऊपर की ओर खींचते हुए स्ट्रेच करना होता है और कुछ समय तक सामान्य रूप से सांस लेते हुए उसी स्थिति में बने रहना चाहिए। यह अभ्यास शरीर को सक्रिय बनाने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है।
इससे पहले आयुष मंत्रालय ने कमर और पीठ दर्द जैसी आम समस्याओं से राहत के लिए भी योग को प्रभावी उपाय बताया था। मंत्रालय का कहना है कि आधुनिक जीवनशैली, लंबे समय तक बैठकर काम करने की आदत और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोग कमर दर्द और पीठ दर्द से परेशान हैं। ऐसे में नियमित योगाभ्यास प्राकृतिक तरीके से राहत प्रदान कर सकता है। मंत्रालय ने लोगों से ‘योग-युक्त रहें, रोग-मुक्त रहें’ का संदेश अपनाने की अपील की है। पीठ और कमर दर्द से राहत के लिए अर्द्धचक्रासन, सेतुबंधासन, कटिचक्रासन, वक्रासन, भुजंगासन तथा सूर्य भेदन प्राणायाम जैसे अभ्यासों की भी सलाह दी गई है।


