देवघर। जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ देवघर पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ा अभियान चलाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहे आरोपितों पर शिकंजा कस दिया। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन वज्र के तहत जिलेभर में एक साथ छापेमारी कर 44 वारंटों का निष्पादन किया गया, जबकि 40 वांछित एवं वारंटी अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 7 और 8 जून की मध्यरात्रि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान शुरू किया गया। इसके लिए पहले से ही फरार वारंटियों और विभिन्न मामलों में वांछित आरोपितों की सूची तैयार की गई थी। पुलिस टीमों ने उनके संभावित ठिकानों की पहचान कर सुनियोजित रणनीति के तहत कार्रवाई की। रातभर चली छापेमारी में गांवों, कस्बों और मोहल्लों के कई ठिकानों पर दबिश देकर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में न्यायालय से जारी वारंट वाले आरोपी, लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी तथा विभिन्न लंबित मामलों के आरोपित शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालयी आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना और कानून से बच रहे अपराधियों को गिरफ्त में लेना था। इस व्यापक अभियान में जिले के तीनों अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, 18 थाना प्रभारी, 58 पुलिस पदाधिकारी तथा 74 जवानों ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय और सटीक सूचना तंत्र की बदौलत पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली।
देवघर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, लगातार चल रही ऐसी कार्रवाइयों से फरार अपराधियों के बीच भी कड़ा संदेश गया है कि कानून के शिकंजे से बच निकलना आसान नहीं है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


