संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआईएम) द्वारा शनिवार को पाकुड़ कोर्ट परिसर के समीप मुख्य सड़क पर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी तथा स्थानीय एवं राज्यस्तरीय जनसमस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी से जुड़े महिला, किसान एवं छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।धरना सभा को संबोधित करते हुए महिला संगठन की प्रदेश अध्यक्ष शिवानी पाल ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम जनता परेशान है, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की जा रही है।
छात्र संगठन के जिला सचिव श्रीचरण कुनाई ने शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की। वही माकपा जिला सचिव गोपीन सोरेन ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित किया है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा बेरोजगारी भत्ता देने की मांग उठाई।धरना-प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से सरकार के नाम 13 सूत्री मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेने, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, महंगाई और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण लगाने सहित विभिन्न जनहित से जुड़ी मांगें शामिल हैं। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


