लखनऊ । पश्चिम बंगाल के सीएम के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में सीबीआई की कोलकाता टीम ने लखनऊ से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ने लखनऊ के एक होटल से विकास मिश्रा को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर की गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सीबीआई आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में शामिल गोलू सिंह को सीबीआई ने बलिया से गिरफ्तार किया था। गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद गोलू को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई कोलकाता लेकर चली गई। गोलू पर चंद्रनाथ हत्याकांड में हथियार व कार खरीद में उसकी भूमिका थी। इस हत्याकांड के मुख्य शूटर ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मोनू ने गुरुवार को गैंगस्टर कोर्ट में सरेंडर किया था। इससे पहले नवीन सिंह और राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बता दें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इस हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई अब तक हुई गिरफ्तारियों के जरिए इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। सीबीआई को उम्मीद है कि इन गिरफ्तारियों के बाद आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।


