पलामू । धनबाद रेलमंडल के बरवाडीह-गढवारोड रेलखंड के बीच रजहरा रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर पहले गुरूवार दोपहर बड़ा रेल हादसा हो गया।
कोयला लदी एक मालगाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में मालगाड़ी की 15 वैगन पटरी से उतर गईं। घटना गुरूवार दोपहर करीब डेढ बजे के आस पास हुई।
गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लोग बाल-बाल बच गए। यह मालगाड़ी टोरी से मुगलसराय जा रही थी। फिलहाल यह हादसा किन कारणों से हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के सभी उच्च अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गए हैं। इस दुर्घटना के कारण अप लाइन पर ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया है। रेलवे की टीम युद्ध स्तर पर काम में जुट गई है ताकि ट्रेक को जल्द से जल्द साफ कर ट्रेनों का परिचालन दोबारा सामान्य किया जा सके। डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अप लाइन पर परिचालन सामान्य करने का प्रयास तेजी से किया जा रहा है। इधर, रेलवे की ओर से जारी किये गए बुलेटिन में रांची-सासाराम एक्सप्रेस और डेहरी ऑन सोन पैसेंजर को रद्द कर दिया गया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


