फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के नाम पर लोगों को बनाते थे शिकार
देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के मार्गदर्शन में मंगलवार को यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों पर विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और डिजिटल सेवाओं के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोप है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के कुछ लोग फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम से आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने का झांसा देकर भी लोगों से ऑनलाइन ठगी की जा रही थी।
सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करौं थाना क्षेत्र के डुमरथरा गांव निवासी 36 वर्षीय संतोष कुमार दास, 22 वर्षीय शेखर कुमार दास तथा मधुपुर थाना क्षेत्र के नवापतरो निवासी 22 वर्षीय सुमन कुमार दास के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी गूगल पे, फोनपे, पेटीएम कस्टमर केयर और आईआरसीटीसी अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देते थे। इसके बाद उनसे फोनपे गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडीम कर रकम हड़प लेते थे। वहीं, फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर ग्राहकों को झांसे में लेते थे और एयरटेल थैंक्स ऐप के जरिए बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी समस्याएं दूर करने के नाम पर ठगी करते थे। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, पांच डेबिट कार्ड और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में साइबर थाना, पाथरौल थाना, करौं थाना तथा देवघर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


