संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। महेशपुर थाना क्षेत्र के दमदमा गांव में हुई चोरी की घटना का पाकुड़ पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के सामान और नकदी बरामद कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।इस संबंध में एसपी अनुदीप सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 3 जून बुधवार को महेशपुर थाना क्षेत्र के दमदमा गांव स्थित रियाजुद्दीन शेख के घर में चोरी की घटना हुई थी। मामले में महेशपुर थाना कांड संख्या-88/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।जांच के दौरान पुलिस को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला अंतर्गत मुरारोई थाना क्षेत्र के बालीआरा गांव निवासी अलाउद्दीन शेख की संलिप्तता की जानकारी मिली। मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने महेशपुर थाना क्षेत्र के कांसादिग्धी गांव के समीप छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 4 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में उसने दमदमा गांव में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर कांसादिग्धी पुलिया के नीचे छिपाकर रखे गए चोरी के सामान भी बरामद किए गए। बरामद सामान में एक रेडमी मोबाइल फोन, चांदी का बाला, चांदी का टीका तथा 12,500 रुपये नकद शामिल हैं।पुलिस ने कुल 16,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध पश्चिम बंगाल के मुरारोई थाना में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक मदन शर्मा, थाना प्रभारी रवि शर्मा सहित महेशपुर थाना एवं रद्दीपुर ओपी के पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


