छह जिलों में हीटवेव का ‘यलो अलर्ट’, बक्सर सबसे गर्म, कोसी-सीमांचल में आंधी-बारिश की संभावना
पटना । बिहार इस समय मौसम के दो बिल्कुल विपरीत रूपों का अनुभव कर रहा है। जहां राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है, जिससे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिलेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल सहित छह जिलों के लिए हीटवेव का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में, बक्सर 40.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बिहार का सबसे गर्म स्थान रहा। दक्षिणी-पश्चिमी बिहार में पछुआ हवाओं और साफ आसमान के कारण दिन के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसके विपरीत सीमांचल और कोसी क्षेत्र के जिलों को बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण राहत मिली है। यहां तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी पटना में भी गुरुवार को उमस भरी गर्मी रहेगी, जहां अधिकतम तापमान 39-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, शाम को आंशिक बादल छाने से रात में थोड़ी राहत मिल सकती है।


