मुख पर गमछा बांधे बाइक सवार पर फायरिंग का आरोप, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
देवघर। नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन स्थित टोडराडीह निवासी 22 वर्षीय अभिषेक कुमार यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके दाएं हाथ के नीचे पंजे के पास लगी है और शरीर में फंसी होने की जानकारी मिली है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सिटी स्कैन और एक्स-रे जांच के बाद ऑपरेशन थिएटर में भर्ती कर गोली निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
घायल अभिषेक कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि घटना उसके घर से करीब 700 मीटर दूर खोरादाह काली मंदिर के पास हुई। उसके अनुसार वह बाइक खड़ी कर शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान चेहरे पर गमछा बांधे एक बाइक सवार वहां पहुंचा और उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि आरोपी बंपास टाउन की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में नगर, कुंडा और रिखिया थाना की पुलिस के साथ अनुसंधान एवं तकनीकी शाखा की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस घायल युवक के बयान के आधार पर घटनास्थल की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। ऐसे में पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक को गोली किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या है। फिलहाल घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।


