संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़ । जिले में बिना वैध पंजीकरण संचालित क्लीनिकों, अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और इमेजिंग सेंटरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अवैध चिकित्सा संस्थानों और झोलाछाप चिकित्सकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।अभियान के तहत जिले में क्षेत्रवार विशेष जांच दलों का गठन किया गया है।
शहरी क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल मनीष कुमार और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी जांच कार्य कर रहे हैं। बिना पंजीकरण संचालित संस्थानों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी ।उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे उपचार के लिए केवल पंजीकृत और अधिकृत चिकित्सा संस्थानों का ही चयन करें। जनस्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


