◆पंचायत समिति सदस्यों ने एसडीओ को सौंपा आवेदन, मनमानी और विकास कार्यों की उपेक्षा का लगाया आरोप
संताल एक्सप्रेस
दुमका।दुमका सदर प्रखंड की प्रमुख श्रीमती मनूदी सोरेन के खिलाफ पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को आवेदन सौंपा है। आवेदन में प्रमुख पर पंचायत समिति के कार्यों में मनमानी करने, सदस्यों की अनदेखी करने तथा विकास योजनाओं को प्रभावित करने के आरोप लगाए गए हैं।
एसडीओ को दिए गए आवेदन में पंचायत समिति सदस्यों ने कहा है कि प्रमुख के कार्यकलापों से वे असंतुष्ट हैं। सदस्यों का आरोप है कि पंचायत समिति की बैठकें नियमित रूप से नहीं बुलाई जाती हैं, जिससे विकास योजनाओं एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पाती है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि प्रमुख द्वारा पंचायत समिति के फंड का मनमाने तरीके से उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा पंचायत समिति सदस्यों द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों को स्वीकृति नहीं देने तथा अपने निजी लोगों के माध्यम से कार्य कराने का भी आरोप लगाया गया है।सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया है कि पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आने वाली समस्याओं और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को नजरअंदाज किया जाता है। इससे पंचायत राज व्यवस्था के उद्देश्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
आवेदन में एसडीओ से मांग की गई है कि आरोपों को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख श्रीमती मिंटू सोरेन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया प्रारंभ कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि पंचायत राज व्यवस्था का लाभ ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। आवेदन पर पंचायत समिति के कई सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।


