दुमका। रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक कलयुगी पिता पर अपनी ही 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ पिछले तीन साल से लगातार यौन शोषण करने का आरोप लगा है। इस शर्मनाक मामले का खुलासा तब हुआ जब मानसिक रूप से अस्वस्थ पीडि़ता का इलाज वेल्लोर के एक अस्पताल में चल रहा था। वहां डॉक्टरों की काउंसिलिंग के दौरान सहमी हुई बेटी ने अपने पिता की इस खौफनाक करतूत से पर्दा उठाया। बेटी की दर्दनाक दास्तां सुनकर मां ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही पश्चिम बंगाल की दुर्गापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दुमका नगर थाना क्षेत्र के गिधनी रोड स्थित एक किराए के मकान पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस के सहयोग से 47 वर्षीय आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पिछले चार महीने से दुमका में एक निजी टेलीकॉम कंपनी में काम कर रहा था।
यह मामला बेहद पेचीदा था क्योंकि पीडि़ता को पहले मानसिक बीमारी के कारण दुर्गापुर के मिशन अस्पताल ले जाया गया था। हालत बिगडऩे पर अप्रैल में उसे वेल्लोर शिफ्ट किया गया। वहां अत्यधिक चिड़चिड़ापन दिखाने और सिर पटकने के बाद जब डॉक्टरों ने उससे बात की, तो उसने बताया कि विरोध करने पर पिता मां को छोडऩे की धमकी देता था। मां ने पहले वेल्लोर से ही जीरो एफआईआर दर्ज कराई और फिर 31 मई 2026 को दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाने में औपचारिक मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।


