6 जून तक अलग-अलग समय पर भारी बारिश की संभावना
नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम के बड़े बदलाव की चेतावनी जारी कर दी है। भीषण गर्मी से राहत के बीच, उत्तर पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और ओले भी गिर सकते हैं। देशभर में हुई बारिश के कारण लू की स्थिति में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।
जहां पूर्वोत्तर भारत में इस पूरे सप्ताह व्यापक स्तर पर बारिश होने का अनुमान है, जिसमें असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे राज्य शामिल हैं। यहां 1 से 6 जून के दौरान अलग-अलग समय पर भारी बारिश की संभावना जाहिर की गई है। वहीं, दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में जून के पहले सप्ताह तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक सहित कई क्षेत्रों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वी भारत के लिए, 1 जून को ओडिशा में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान का अलर्ट है, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। ओडिशा में 1 जून को छिटपुट ओले गिरने की भी आशंका है। उत्तर भारत के राज्यों जैसे उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी आगामी दिनों में गरज, बिजली और तेज आंधी के साथ मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान में 2 जून को 80 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश की उम्मीद है। इन सभी मौसमी गतिविधियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


