देवघर । नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत दो दिवसीय अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन में भाग लेने के लिए उत्तराखंड दौरे पर जाएंगे। यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन 3 और 4 जून को आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और महानगरों के महापौरों के साथ नगरीय विकास क्षेत्र के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य शहरों के सतत विकास, आधुनिक कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण तथा डिजिटल और स्मार्ट नगर निगम प्रशासन से जुड़े सफल अनुभवों और नवाचारों को साझा करना है। इसके माध्यम से विभिन्न शहरों में अपनाए जा रहे प्रभावी मॉडल और योजनाओं पर चर्चा होगी।उत्तराखंड रवाना होने से पहले महापौर रवि कुमार राउत ने कहा कि यह सम्मेलन देवघर नगर निगम के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
देश के अग्रणी शहरों के महापौरों के साथ संवाद से विकास की नई संभावनाओं और सफल नीतियों को समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि अन्य शहरों के सफल मॉडलों को देवघर में लागू कर बाबा नगरी को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों की अग्रणी श्रेणी में शामिल किया जा सके। सम्मेलन के दौरान महापौर की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट भी होने की संभावना है। इस दौरान देवघर के विकास से जुड़ी विभिन्न केंद्रीय योजनाओं, परियोजनाओं और बजटीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। नगर निगम को उम्मीद है कि इस सम्मेलन से मिले अनुभव और सुझाव भविष्य में शहर के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।


