पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड के पुरुनियाँ गांव में आंधी-तूफान के बाद उत्पन्न बिजली संकट गहराता जा रहा है। पिछले करीब सात दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। लंबे समय से बिजली नहीं मिलने से नाराज ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन कर शीघ्र बिजली बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। रात के समय अंधेरे के कारण विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययन नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा शाम ढलते ही गांव में सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीवों का खतरा बढ़ जाता है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने अपनी समस्या खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा के समक्ष रखी।
शिकायत मिलने के बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया।
सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा का बाधित रहना चिंताजनक है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाकर क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था की मरम्मत करने और जल्द बिजली आपूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया है।
इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो उन्हें और भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। गांववासियों को उम्मीद है कि विभाग क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर जल्द ही बिजली आपूर्ति सामान्य करेगा, जिससे लोगों को राहत मिल सकेगी।


