पाकुड़। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) पाकुड़ के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय ने की, जबकि आयोजन प्रभारी सचिव विशाल मांझी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
लोक अदालत में समझौता योग्य आपराधिक मामले, एनआई एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित मामले, बैंक ऋण वसूली, बिजली बिल, वैवाहिक विवाद, राजस्व मामले सहित विभिन्न सुलह योग्य वादों का निष्पादन किया गया। मामलों के त्वरित निपटारे के लिए कुल नौ बेंचों का गठन किया गया था।आयोजित लोक अदालत में कुल 150 मामलों का निष्पादन किया गया तथा पक्षकारों के बीच 20 लाख 82 हजार 874 रुपये की समझौता राशि पर सहमति बनी।
लोक अदालत के माध्यम से मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान होने पर वादियों एवं प्रतिवादियों ने संतोष व्यक्त किया।मौके पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र, प्रभारी सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्ज्वल बेक, प्रभारी न्यायाधीश विजय कुमार दास सहित न्यायालय के अन्य न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी, वादी-प्रतिवादी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।


