रांची । सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सुप्रीम कोर्ट में जज नियुक्त करने के लिए पांच नामों की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी है। इनमें चार हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और एक वरिष्ठ महिला वकील शामिल हैं। इनमें से झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व जस्टिस श्री चंद्रशेखर का भी नाम शामिल है। श्री चंद्रशेखर वर्तमान में बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस है। इनके अलावा कॉलेजियम ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण पल्ली और वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना के नाम भेजे हैं। यह सिफारिश 22 और 27 मई को हुई कॉलेजियम बैठकों के दौरान की गई हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना की नियुक्ति से सुप्रीम कोर्ट में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है. फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में सिर्फ एक महिला जज जस्टिस बीवी नागरत्ना हैं। अगस्त 2021 के बाद से किसी महिला की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति नहीं हुई है. अभी सुप्रीम कोर्ट में 32 जज हैं। जून में जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस पंकज मित्तल के रिटायर होने के बाद दो और पद खाली हो जाएंगे. केंद्रीय कैबिनेट ने 5 मई को सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार संसद के अगले सत्र में इससे जुड़ा विधेयक पेश करेगी.


