संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ द्वारा पारिवारिक विवाद से जुड़े एक मामले का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। यह पहल पारिवारिक संबंधों को बचाने और आपसी मतभेद को संवाद एवं मध्यस्थता के माध्यम से समाप्त करने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय एवं डालसा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में सोमवार को डालसा के मध्यस्थता केंद्र में झारखंड उच्च न्यायालय से रेफर किए गए बीए संख्या-2390/2026 मामले की सुनवाई की गई।मध्यस्थ समीर कुमार मिश्रा एवं सचिव रूपा बंदना किरो के प्रयासों से दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाल लिया गया। मध्यस्थता प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों को आपसी संवाद और समझदारी से रिश्ते को नया अवसर देने के लिए प्रेरित किया गया।मध्यस्थता के बाद दोनों दंपतियों ने अपने पुराने मतभेद भुलाकर पुनः एक साथ रहने की सहमति जताई। इस भावुक क्षण में दोनों ने एक-दूसरे को फूल माला पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।मौके पर संबंधित अधिवक्ता, दोनों पक्षों के परिजन तथा डालसा कर्मी भी उपस्थित रहे। डालसा की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए इसे परिवार और समाज को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


