दुमका। जिले में स्थित प्रसिद्ध मसानजोर बांध में पिकनिक मनाने आए पश्चिम बंगाल के पांच दोस्तों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब गहरे पानी में संतुलन बिगड़ने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद कोर्ट के 28 वर्षीय अधिवक्ता सौविक दास के रूप में हुई है। बाकी चार दोस्त सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।
यह हादसा रविवार को उस समय हुआ जब मुर्शिदाबाद से आए इन पर्यटकों ने सुरक्षा नियमों को ताक पर रख दिया। पुलिस के अनुसार, पांचों दोस्तों ने स्थानीय मछुआरे की अनुमति और जानकारी के बिना उसकी नाव ले ली। युवक खुद ही नाव चलाते हुए बांध के उस प्रतिबंधित और खतरनाक क्षेत्र में चले गए, जहां प्रशासन ने पहले से ही जाने पर रोक लगा रखी थी।
गहरे पानी और तेज बहाव के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान नाव पर सवार सौविक दास असंतुलित होकर सीधे गहरे पानी में जा गिरे और डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही मसानजोर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। भारी मशक्कत के बाद रविवार रात को ही सौविक का शव पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पर्यटकों से बांध के खतरनाक इलाकों में न जाने की सख्त अपील की है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


