विशेष पूजा-अर्चना कर देश और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना
देवघर । विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शनिवार को बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन और झारखंड की आईजी ए विजयालक्ष्मी ने पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर तीर्थ पुरोहितों ने दोनों अतिथियों का पारंपरिक विधि-विधान के साथ स्वागत किया।
इसके बाद दोनों श्रद्धालुओं ने मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा की और आशीर्वाद लिया। पूजा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। पूजा-अर्चना के बाद बिहार सरकार में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी में आकर उन्हें आत्मिक शांति की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में सच्चे मन से आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूरी होती है। उन्होंने बिहार, झारखंड और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
वहीं झारखंड की आईजी ए विजयालक्ष्मी ने भी बाबा बैद्यनाथ मंदिर में माथा टेककर राज्य और देश में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की।
पूजा संपन्न होने के बाद दोनों ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और मंदिर की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्ता की जानकारी ली। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।


