दुमका। जिला परिवहन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने गुरुवार को जिले के विभिन्न वाहन शोरूमों का औचक निरीक्षण कर संचालकों के बीच हड़कंप मचा दिया। इस औचक अभियान के तहत जगदंबा मोटर्स (ई-रिक्शा) और टेकरीवाल मोटर्स प्रतिष्ठान की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान डीटीओ ने वाहनों के खरीद चालान, स्टॉक रजिस्टर, ट्रेड रजिस्टर, फॉर्म बी और फॉर्म-22 सहित सभी जरूरी कागजातों को खुद खंगाला। अधिकारियों ने गाड़ियों की खरीद-बिक्री और स्टॉक से जुड़े रिकॉर्ड्स की बारीकी से समीक्षा की।
इस जांच अभियान में जगदंबा मोटर्स शोरूम की बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां कई महत्वपूर्ण रजिस्टर गायब मिले। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीटीओ ने संचालक को फटकार लगाई और सभी दस्तावेजों को तुरंत कानून के दायरे में नियमित करने का आदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि परिवहन विभाग के नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा।
डीटीओ ने सभी शोरूम मालिकों को हिदायत दी कि वे अपने बिक्री और स्टॉक से जुड़े सभी दस्तावेजों को हमेशा अपडेट रखें, ताकि आगे किसी भी कानूनी या प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके। इस पूरे औचक निरीक्षण अभियान में जिला परिवहन कार्यालय के प्रधान लिपिक बिपिन कुमार और कार्यालय कर्मी अभिषेक कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


