संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़ । जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के गणपुरा पंचायत अंतर्गत फूलोपानी गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने अपने ही वृद्ध पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय सोम मुर्मू के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उनके 37 वर्षीय पुत्र रमेश मुर्मू पर है। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चला आ रहा था।बुधवार सुबह करीब 03 बजे आरोपी रमेश मुर्मू शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद उसने घर में रखी तलवार उठाकर सो रहे अपने पिता पर हमला कर दिया।
आरोपी ने वृद्ध पिता के सिर पर कई बार तलवार से वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, उसने ईंट से भी सिर कुचलने का प्रयास किया। गंभीर चोटों के कारण सोम मुर्मू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी रमेश मुर्मू को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त तलवार को भी जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


