रांची । झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) झारखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश संभावनाओं और उद्योग अनुकूल माहौल तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सोरेन और सीआईआई प्रतिनिधियों के बीच राज्य में निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक परियोजनाओं को गति देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच-2026 में झारखंड सरकार की सक्रिय भागीदारी और यूनाइटेड किंगडम की सफल यात्रा के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। सीआईआई प्रतिनिधियों ने कहा कि वैश्विक मंचों पर झारखंड की मजबूत उपस्थिति से राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक उभरते निवेश गंतव्य के रूप में नई पहचान मिली है।
साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों और निवेश आकर्षित करने की पहल की भी प्रशंसा की। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड को देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल करने की दिशा में सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि सीआईआई राज्य सरकार के साथ “नॉलेज और इंडस्ट्री पार्टनर” के रूप में मिलकर औद्योगिक नीति निर्माण, निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक अवसंरचना विकास में सहयोग देने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि दावोस में आयोजित वैश्विक आर्थिक मंच के दौरान राज्य सरकार ने दुनिया के सामने यह संदेश रखा कि झारखंड असीम संभावनाओं वाला राज्य है। झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, मानव संसाधनों और औद्योगिक क्षमता के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार निवेशकों के लिए बेहतर और पारदर्शी वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए सरल और पारदर्शी नीतियां लागू कर निवेशकों का विश्वास मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष दिलू पारिख, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विस के उपाध्यक्ष डी.बी. सुंदर रमन, सीआईआई ईस्टर्न रीजन के रीजनल डायरेक्टर देव ज्योति तथा सीआईआई झारखंड हेड प्रभात कुमार शामिल थे।


