रांची । झारखंड में जिलों के कोषागार से करोड़ों रुपये के अवैध वेतन निकासी घोटाले की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने अब तक बोकारो और हजारीबाग जिलों के 850 बैंक खातों की जानकारी जुटाई है, जिन्हें जांच के दायरे में लिया गया है। इसमें बोकारो के 600 और हजारीबाग के 250 बैंक खाते शामिल हैं। जांच के दौरान जैसे-जैसे सरकारी खातों से हुई अवैध निकासी के मामले उजागर हो रहे हैं, एसआईटी तेजी से संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करा रही है। अब तक बड़ी संख्या में संदिग्ध खातों को फ्रीज किया जा चुका है।
इतना ही नहीं एसआईटी ने खाताधारकों को नोटिस भेजना भी शुरू कर दिया है, जिनसे उनके खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन का संतोषजनक जवाब मांगा जा रहा है। जिन खाताधारकों से उचित स्पष्टीकरण नहीं मिल पा रहा, उनके खातों को तत्काल फ्रीज किया जा रहा है। अब तक की जांच में हजारीबाग में करीब 31 करोड़ रुपये और बोकारो में 11 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है, जो कुल 42 करोड़ से अधिक का घोटाला है। एसआईटी अब पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपितों को रिमांड पर लेकर गहराई से पूछताछ करेगी। इसी क्रम में बोकारो एसपी कार्यालय के लेखा शाखा में पदस्थापित सिपाही कौशल पांडेय से रिमांड पर पूछताछ की जानी है। एसआईटी कौशल पांडेय के सहयोगियों और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों तक पहुंचने के लिए भी जानकारी जुटाएगी, ताकि घोटाले के सभी पहलुओं को उजागर किया जा सके।


