नई दिल्ली । गर्मियों के सीजन में पाए जाने वाला फल खरबूजा को खाने के बाद ज्यादातर लोग उसके छिलकों को बेकार समझकर फेंक देते हैं। खरबूजे का यह छिलका बहुत काम का होता है। बहुत कम लोग जानते हैं कि यही छिलके घर की सफाई में बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं। रसोई की गंदी सिंक से लेकर शीशों और टाइल्स की सफाई तक, खरबूजे के छिलके कई घरेलू कामों में मददगार माने जा रहे हैं। खास बात यह है कि इनके इस्तेमाल से बिना किसी केमिकल के सफाई की जा सकती है। घर की सिंक और बेसिन में अक्सर चिकनाई और गंदगी जम जाती है, जिसे साफ करने में काफी मेहनत लगती है। ऐसे में खरबूजे के छिलके एक आसान घरेलू उपाय साबित हो सकते हैं।
खरबूजा खाने के बाद उसके छिलकों को सीधे सिंक या बेसिन पर रगड़ने से चिकनाई हटाने में मदद मिलती है। कुछ देर तक छोड़ने के बाद हल्के स्क्रबर या ब्रश से साफ करने पर सिंक पहले की तुलना में ज्यादा चमकदार दिखाई देने लगती है। खरबूजे के छिलके शीशों और कांच के बर्तनों की सफाई में भी उपयोगी माने जाते हैं। कई बार कांच पर धब्बे और पुराने निशान पड़ जाते हैं, जिन्हें हटाना मुश्किल हो जाता है। इसके लिए छिलकों को पानी में उबालकर उस पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है। ठंडा होने के बाद इस पानी से शीशों को साफ करने पर कांच ज्यादा साफ और चमकदार नजर आता है। लोग इसे घरेलू और सस्ता उपाय मान रहे हैं। बाथरूम और फर्श की टाइल्स पर जमा जिद्दी दाग हटाने में भी खरबूजे के छिलकों का उपयोग किया जा सकता है।
इसके लिए छिलकों को पानी में अच्छी तरह उबालकर दाग वाली जगह पर डालना होता है। कुछ देर बाद ब्रश से हल्का रगड़ने पर गंदगी ढीली पड़ जाती है और टाइल्स साफ दिखाई देने लगती हैं। यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी माना जाता है जो ज्यादा केमिकल वाले क्लीनर इस्तेमाल नहीं करना चाहते। विशेषज्ञों के अनुसार खरबूजे के छिलकों में मौजूद प्राकृतिक रस सफाई में मदद करते हैं। इससे न केवल घर साफ होता है बल्कि रासायनिक उत्पादों के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान से भी बचाव होता है। पर्यावरण के लिहाज से भी यह तरीका बेहतर माना जा रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


