नई दिल्ली । नई कार खरीदने वाले ज्यादातर ग्राहक यह नहीं जानते कि आफ्टरमार्केट मॉडिफिकेशन के दौरान की गई छोटी सी गलती भी कार कंपनी को वारंटी रिजेक्ट करने का अधिकार दे सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, कार की वायरिंग में कटिंग और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के साथ छेड़छाड़ वारंटी खत्म होने की सबसे बड़ी वजहों में से एक है। कई बार लोग ऐसी एक्सेसरीज लगवाते हैं जो कार के मूल फीचर्स में शामिल नहीं होतीं। ऐसे में नई वायरिंग जोड़ने या पुरानी वायरिंग काटने की जरूरत पड़ती है। इससे इलेक्ट्रिकल सिस्टम पर असर पड़ सकता है और कंपनी वारंटी देने से इनकार कर सकती है।
लोकल वायरिंग, गलत फ्यूजिंग या ईसीयू यानी इंजन कंट्रोल यूनिट से छेड़छाड़ भी जोखिम बढ़ा देती है। इन बदलावों की वजह से शॉर्ट सर्किट, बैटरी ड्रेन या ईसीयू खराब होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। अगर जांच में पता चलता है कि खराबी आफ्टरमार्केट बदलावों की वजह से हुई है तो कंपनी वारंटी क्लेम स्वीकार नहीं करती। कई लोग ज्यादा पावर और बेहतर ड्राइविंग अनुभव के लिए इंजन ट्यूनिंग या ईसीयू रिमैपिंग करवाते हैं। इससे इंजन की क्षमता बढ़ाई जाती है, लेकिन कंपनियां इसे अनधिकृत बदलाव मानती हैं। इंजन, क्लच, गियरबॉक्स या टर्बो में किसी तरह का मॉडिफिकेशन मिलने पर वारंटी तुरंत रद्द की जा सकती है।
इसी तरह बाहर से लगवाई गई सीएनजी किट भी वारंटी खत्म होने की वजह बन सकती है। अगर कार कंपनी की ओर से फिटेड सीएनजी नहीं है और ग्राहक ने बाहर से किट लगवाई है, तो कंपनी इंजन और फ्यूल सिस्टम की वारंटी देने से मना कर सकती है। हालांकि, कई कंपनियां अब डीलर-फिटेड सीएनजी विकल्प दे रही हैं, जिन पर वारंटी जारी रहती है। सस्पेंशन में बदलाव, आफ्टरमार्केट स्प्रिंग्स या शॉक एब्जॉर्बर लगवाना भी वारंटी पर असर डाल सकता है।
कई मामलों में बड़े एलॉय व्हील लगाने पर भी कंपनियां सस्पेंशन या संबंधित पार्ट्स की वारंटी खत्म कर देती हैं। हालांकि हर बाहरी काम से वारंटी प्रभावित नहीं होती। डेंट रिपेयर, फ्लोर मैट, सीट कवर, मोबाइल होल्डर, कंपनी अप्रूव्ड डैशकैम, इंफोटेनमेंट सिस्टम और टीपीएमएस जैसी एक्सेसरीज लगवाने से आमतौर पर वारंटी पर कोई असर नहीं पड़ता। इसलिए किसी भी मॉडिफिकेशन से पहले कंपनी की शर्तों को समझना बेहद जरूरी माना जाता है। मालूम हो कि नई कार खरीदने के बाद कई लोगों को उसे अपनी पसंद के मुताबिक मॉडिफाई कराने का शौक होता है। कोई नई एक्सेसरीज लगवाता है तो कोई बेहतर लुक और परफॉर्मेंस के लिए अलग-अलग बदलाव करवाता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


