सफाई, जल निकासी और श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
देवघर। नगर क्षेत्र में जनशिकायतों की समीक्षा और समाधान को लेकर सोमवार को मेयर रवि कुमार राउत ने नगर निगम कर्मियों और स्थानीय पार्षद प्रतिनिधियों के साथ कई इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, जल निकासी और शिवगंगा परिसर की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। सबसे पहले शिवगंगा श्मशान घाट का निरीक्षण किया गया। वहां जगह-जगह फैले कचरे और शव यात्रा में उपयोग की गई सामग्रियों को देखकर मेयर ने नाराजगी जताई। सफाई निरीक्षक को प्रतिदिन सफाई कराने और सभी अपशिष्ट सामग्री का नियमित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद शिवगंगा तालाब का निरीक्षण किया गया। तालाब के जल में फैली गंदगी को लेकर संवेदक फेट इंफ्रा के प्रतिनिधियों को तत्काल सफाई कार्य कराने का निर्देश दिया गया। बिना पूर्व सूचना के हड़ताल पर जाने से कार्य प्रभावित होने पर संबंधित प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार भी लगाई गई। मेयर ने शिवगंगा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्लांट प्रतिदिन नियमित रूप से चालू रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान और पूजा के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
हरिहरवाड़ी क्षेत्र में नाली पर अतिक्रमण के कारण हो रहे जल जमाव की समस्या का भी जायजा लिया गया। इस दौरान बताया गया कि ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्माणाधीन बड़े नाले के माध्यम से इलाके की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।


