संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज- साहिबगंज सदर प्रखंड क्षेत्र के महादेवगंज डीबीएल घाट के समीप शुक्रवार को नहाने के दौरान बिहार के कटिहार जिले का युवक गंगा में डूबकर लापता हो गया. मिली जानकारी के अनुसार बिहार के कटिहार जिले के अमदाबाद के गोउगाची गांव का रहने वाले 24 वर्षीय युवक विकास कुमार अपने मौसी के घर महादेवगंज आया था.वही गंगा में लापता युवक की खोजबीन स्थानीय गोताखोरों ने की लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई अता पता नहीं चल पाया था.
विकास के मौसा उदय मंडल ने बताया कि शुक्रवार की सुबह विकास पटना से आया था. शुक्रवार को किसी काम की बात कह घर से निकला था.इधर दिन के करीब तीन बजे फोन आया कि डीबीएल घाट के पास उसके गंगा नदी में डूबने की सूचना मिली. वहां जाकर देखा तो उसका बैग, मोबाईल व कपड़ा घाट किनारे पड़ा हुआ था. वहीं विकास कुमार के दोस्त दीपक कुमार ने बताया कि विकास बी-टेक की पढ़ाई कर रहा था. विकास तैरना भी जानता था. लेकिन शायद स्नान के दौरान किसी वजह से बाहर नहीं निकल पाया. इधर सूचना मिलते ही रिवर थाना के एसआई लेनसन टोपनो ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच- पड़ताल की.प्रशासन के निर्देश पर गोताखोर अशोक मंडल, बासदेव सिंह, दिलचन सिंह युवक को ढूंढने में लगे थे.


