घटना के कारण आधे घंटे तक एनएच 80 रहा जाम
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज – मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज मुस्लिम टोला एनएच 80 पर शुक्रवार को काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या जेएच 18 पी 7042 का संतुलन बिगड़ जाने के कारण स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी बाइक से जा टकराई. और देखते ही देखते स्कॉर्पियो व बाइक आग का गोला में तब्दील हो गया. जिसके कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना महादेवगंज पीर स्थान स्थित भीम साह के घर के सामने घटी.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग भयभीत हो गए.आग लगते ही स्थानीय लोग स्कॉर्पियो में सवार लोगों को किसी तरह बाहर निकाला.वहीं अग्निशमन विभाग को सूचना देकर दमकल वाहन मौके पर बुलाया गया. दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.बताया जाता है कि स्कॉर्पियो नया टोला जयंती ग्राम निवासी मनीष मंडल चला रहे थे. जबकि जिस बाइक से टक्कर हुई वह विजय मंडल की बताई जा रही है. घटना के समय स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे. दोनों को हल्की चोटें लगी हैं. आग की तेज लपटों और धुएं के कारण करीब आधे घंटे तक एनएच 80 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी मनीष पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली.
घटना में स्कॉर्पियो पूरी तरह जल गई .वहीं आग की चपेट में एक दुकान भी आ जाने से दुकान को नुकसान हुआ है.दुकानदारों के अनुसार दुकान में रखे सामान जल जाने से करीब एक लाख रुपये के नुकसान हुआ है.


