दुमका। केंद्रीय विद्यालय दुमका के विद्यार्थियों ने सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में अपनी बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट अंक हासिल किए हैं। इस वर्ष परीक्षा में शामिल हुए कुल 15 छात्र-छात्राओं में से शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के शानदार परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
विद्यालय के छात्र आशु अनुपम ने कुल 448 अंकों (89.6 प्रतिशत) के साथ सूची में पहला स्थान हासिल किया है। आशु ने मुख्य विषयों जैसे अंग्रेजी, भौतिकी और रसायन विज्ञान में 90-90 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा को साबित किया है।
वहीं, रागनी कुमारी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 432 अंक (86.4 प्रतिशत) लाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही अदिति राज ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 431 अंक (86.2 प्रतिशत) अर्जित कर तीसरा स्थान सुरक्षित किया है।
सभी सफल छात्र-छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी है। प्राचार्य प्रेम नाथ चाकी और शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, निरंतरता और अनुशासन के कारण ही यह शानदार परिणाम संभव हो पाया है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि शेष छात्रों के परिणाम भी जल्द ही आधिकारिक रूप से साझा किए जाएंगे।
—————————————————————————————————————-
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स दुमका की छात्राओं ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में लहराया परचम
आर्ट्स स्ट्रीम में गायत्री कुमारी ने 448 अंक हासिल कर बनी स्कूल टॉपर
दुमका। सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स की छात्राओं ने सीबीएसई कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय की बालिकाओं ने आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों ही स्ट्रीम में बेहतरीन अंक प्राप्त कर अपने स्कूल और पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
आर्ट्स स्ट्रीम में गायत्री कुमारी ने 448 अंक हासिल कर स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं शिल्पी साहा 429 अंकों के साथ दूसरे और सोनी कुमारी 421 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। भवानी कुमारी ने 412 और कविता कुमारी ने 411 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
साइंस स्ट्रीम में भी छात्राओं का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। इधिका सिन्हा ने 423 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। शिखा कुमारी 420 अंकों के साथ दूसरे और दीपिका कुमारी 405 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रहीं। रिया कुमारी ने 389 और नेहा कुमारी ने 388 अंक लाकर सफलता की सूची में अपना नाम दर्ज कराया।
कॉमर्स स्ट्रीम में साक्षी कुमारी ने 408 अंक लाकर पहला स्थान पाया। निकहत खातून 340 अंकों के साथ दूसरे और नीतू निर्मला सोरेन 338 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इनके अलावा उषा मुर्मू ने 318 और जिया खान ने 314 अंक प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन किया। छात्राओं की इस शानदार कामयाबी पर विद्यालय परिवार और अभिभावकों में खुशी की लहर है। गुप्त बात की जानकारी गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल सुनीता टुडू ने दी है।


