संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़ । नगर थाना क्षेत्र के कित्ताझोर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक शराबी कलयुगी बेटे ने नशे धुत होकर हसुआ से अपने पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात अनूप सरदार अपने 60 वर्षीय पिता दिवाकर सरदार के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अनूप सरदार ने घर में रखे हसुआ से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दिवाकर सरदार की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत मामले की सूचना नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर थाना के एएसआई अश्लोक पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी बेटे अनूप सरदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पोती वर्षा सरदार ने बताया कि उनके पिता अनूप सरदार शराब के आदि थे और अक्सर घर में मारपीट करते थे। ग्रामीणों के अनुसार अनूप सरदार की शादी पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में हुई थी और उसकी पांच बेटियां हैं। शराब की लत और घरेलू विवादों के कारण उसकी पत्नी बेटियों के साथ किराए के मकान में अलग रहती थी। वहीं मृतक दिवाकर सरदार एक मिठाई दुकान में काम करते थे और अधिकतर वहीं रहते थे।नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


