पूर्वी सिंहभूम । शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के गरमनाला स्थित बीएसएनएल ऑफिस के पास एक विवाहिता को कथित रूप से कमरे में बंद कर प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता रोशनी कुमारी वर्मा की मां प्रभा देवी ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को उसके ससुराल वालों ने कमरे में कैद कर बाहर से ताला लगा दिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी रानी गुप्ता और पुलिस के हस्तक्षेप से महिला को कमरे से बाहर निकाला गया।
प्रभा देवी ने बताया कि उनकी बेटी ने कौटिल्य नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों की शादी हुई, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही रोशनी को प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका आरोप है कि पिछले दो वर्षों तक बेटी को मायके में रखा गया और जब वह दोबारा ससुराल पहुंची तो उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न शुरू हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके सास-ससुर उसे बहू मानने से इनकार कर रहे हैं, जबकि पति भी साथ रखने को लेकर टालमटोल कर रहा है।
रोशनी ने बताया कि घटना वाली रात उसे कमरे में बंद कर दिया गया था। खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं की गई और शौच के लिए कमरे में केवल एक बाल्टी रख दी गई। जब उसकी मां मिलने पहुंचीं तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। परिवार को बेटी को साथ ले जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करने की कोशिश की तो उसका फोन छीन लिया गया और तोड़ने का प्रयास किया गया। प्रभा देवी ने बताया कि उन्होंने पहले ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और इंजरी रिपोर्ट भी बनवाई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि पीड़िता और उसके परिजन सुरक्षा तथा न्याय की मांग कर रहे हैं।


