पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाके में दो अलग-अलग घटनाओं में दाे किशोर ने खुदकुशी कर ली। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एक घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा गांव की है, जबकि दूसरी घटना बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव से सामने आई है।
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा गांव निवासी 17 वर्षीय चैतन्य सिंह ने सोमवार देर रात अपने घर में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। बताया गया कि चैतन्य गांव के एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां उसने दोस्तों के साथ काफी देर तक डांस और मस्ती भी की थी। रात में वह घर लौटा और कमरे में जाकर फंदे से झूल गया। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि परिवार के अन्य सदस्य भी दूसरे गांव में शादी समारोह में गए हुए थे। देर रात करीब साढ़े बारह बजे जब परिजन लौटे तो चैतन्य को के फंदे से लटका देख चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची गोविंदपुर थाना पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता रघु सिंह ने पुलिस को बताया कि चैतन्य का गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग में तनाव या किसी विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी घटना बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव की है, जहां 16 वर्षीय वैद्यनाथ बेसरा का शव घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला। परिजनों के अनुसार वह 10 मई की शाम मेला घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन ग्रामीणों ने जंगल में उसका शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता सुनील बेसरा ने बताया कि वैद्यनाथ फुटबॉल का अच्छा खिलाड़ी था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में खुदकुशी के कारणों की जांच कर रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


