दुमका: काठीकुण्ड थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बंगाल सीमा से आ रहे एक महिन्द्रा पिकअप वाहन को जब्त किया है, जिसमें भारी मात्रा में उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए प्रतिबंधित शराब लदी हुई थी।
———————————————————————
गुप्त सूचना पर घेराबंदी
घटना शुक्रवार शाम की है जब थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह को सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल की ओर से एक सफेद और नीले रंग के पिकअप वाहन (JH10BG-3014) में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई और दानीनाथ मंदिर के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान गश्ती दल ने संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
———————————————————————
तिरपाल और खाली कार्टूनों के नीचे छिपाया था जखीरा
जब पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली, तो ऊपर से नीले रंग के तिरपाल और खाली कार्टून रखे हुए थे ताकि किसी को शक न हो। लेकिन सघन जांच में पुलिस ने पाया कि उनके नीचे ‘ऑफिसर चॉइस’ व्हिस्की के कुल 141 कार्टून छिपाकर रखे गए थे। प्रत्येक कार्टून में 180 एम एल के पाउच नुमा व्हिस्की की बोतलें थीं, जिस पर स्पष्ट रूप से ‘फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली’ लिखा था। कुल मिलाकर पुलिस ने 6,768 पीस शराब बरामद की है।
———————————————————————
जामताड़ा का चालक गिरफ्तार, मुख्य सरगना की तलाश जारी
मौके से पुलिस ने चालक लखन महतो (46 वर्ष), निवासी उदलबानी, जामताड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि यह शराब मनोज कुमार मंडल (फागुडीह, जामताड़ा) की है, जिसे वह पश्चिम बंगाल के मुराराई थाना क्षेत्र के राजग्राम से लोड कर ला रहा था। पुलिस ने इस मामले में काठीकुण्ड थाना कांड संख्या 20/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं और उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
———————————————————————
छापामारी दल की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह के साथ पुअनि मानकी हाईबुरु, अनुसंधानकर्ता केदारनाथ पुरती और काठीकुण्ड सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य नेटवर्क और मुख्य आरोपी मनोज मंडल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


