– वाट्स ऐप पर वीडियो भेज कर भी दी गई थी धमकी
– वीडियो में एक युवक को बंधक बनाकर प्रताड़ित करते हुए भी दिखाया गया था
– गिरफ्तार नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सीकरे कुख्यात डकैत
– नासिर केंदुआ का है रहने वाला
– प्रारंभिक जांच में प्रिंस खान व मेजर की संलिप्तता नहीं
धनबाद । कुख्यात प्रिंस खान और मेजर के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप में चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अपराधियों ने बरवाअड्डा के एक ठेकेदार तथा असर्फी अस्पताल से रंगदारी मांगी थी। चारों को बरवाअड्डा से गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से हथियार और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। उक्त जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने संवाददाता सम्मेलन में दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार एक अपराधी नासिर उर्फ जयकांत सिकरे पुराना हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस रिकार्ड में वह कुख्यात डकैत के रूप में दर्ज है। हाल के दिनों में भी वह चोरी – चकारी और लूट की घटना में शामिल रहा है। गिरफ्तार एक और अपराधी पर भी कुछ मामले दर्ज हैं। दो अन्य के बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। सिटी एसपी ने बताया कि कुछ दिन पहले बरवाअड्डा के ठेकेदार को धमकी दी गई थी। डराने के लिए उसके वाट्स ऐप पर एक वीडियो भी भेजा गया था। इसमें एक युवक को प्रताड़ित करते हुए दिखाया गया था। एक सवाल के जवाब में सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस मामले में प्रिंस खान और मेजर की संलिप्तता की जानकारी नहीं मिली है। दोनों के नाम पर चारों अपराधी पैसे की वसूली करने की फिराक में थे। उन्होंने बताया कि दो मोबाइल भी जब्त किए गए है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम नासिर अंसारी
उर्फ जयकांत सिकरे, सुरेन्द्र कुमार महतो, देवा नंद सिंह उर्फ चंदन सिंह और बालक कुमार दास है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


