धनबाद । बीसीसीएल के पुटकी मुनीडीह कोल वाशरी डंप मे स्लरी का मलवा गिरने से चार मजदूर की मौत हो गई। अन्य तीन लोगों के दबे होने की आशंका है। यह शनिवार शाम की घटना है। मरने व दबने वाले सभी लोडिंग मजदूर हैं। घटना की सूचना पर बीसीसीएल ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है। चार शव बरामद किया गया है। मलवा हटाने का काम शुरू किया गया है। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल कायम हो गया है। मजदूरों में आक्रोश है। मौके पर मौजूद लोडिंग मजदूर ने घटना के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को दोषी ठहराया है। लोडिंग मुंशी पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, मुनीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत संचालित बीसीसीएल की कोल वाशरी प्रोजेक्ट में ट्रक में स्लरी (कोयला पाउडर) लोडिंग के दौरान यह हादसा हुआ. अचानक भारी मात्रा में स्लरी गिरने से चार ठेका मजदूर उसकी चपेट में आ गए और दब गए । हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और बचाव कार्य शुरू किया गया. अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी बचाव कार्य में शामिल हो गए हैं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और फंसे हुए मजदूरों को निकालने का प्रयास लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके।


