पलामू । पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ गांव में तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। गोली छिटक कर तिलक चढ़ा रहे पंडित और एक बुजुर्ग बाराती को लगी। पंडित के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि बाराती के पीठ को लगते हुए निकल गई। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज किया गया। पंडित को बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद बिहार रेफर कर दिया गया।
जानकारी मिली है कि उन्हें गया के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों लाइसेंसी हथियार जब्त कर ली है, जबकि हरिहरगंज पूर्वी के पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस वारदात के बाद शादी की खुशियां गम में बदल गई है।
यह घटना शुक्रवार रात 11 बजे के आस पास की है।
जानकारी के अनुसार नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र की खैरादोहर पंचायत स्थित ग्राम शिल्दाखुर्द निवासी करीमन बैठा अपनी बेटी का तिलक लेकर हरिहरगंज के भगत तेंदुआ गांव गए थे। राहुल रजक का तिलक चढ़ रहा था। राहुल पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा का ड्राइवर है।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण चल रहा था, तभी सरोज प्रसाद कुशवाहा जोश में आकर अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाने लगे। इसी क्रम में गोली छिटकी और शिल्दाखुर्द निवासी 60 वर्षीय जागेश्वर बैठा की पीठ में लगते हुए पार हो गई और कार्यक्रम संपन्न करा रहे पंडित कटैया निवासी अरविंद मिश्रा के दाहिने पैर में घुस गई। समारोह में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली हर्ष फायरिंग में चली या किसी रंजिश के तहत चलाई गई।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक खुशी के मौकों पर हथियारों के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग जैसी खतरनाक परंपराएं जारी रहेंगी। जश्न मनाने की यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे में बदल सकती है।
प्रशासन की ओर से लगातार चेतावनी के बावजूद ऐसे मामलों का सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने शनिवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका लाइसेंस हथियार भी जब्त कर लिया गया है। हथियार लाइसेंस कैंसिल करने के लिए अनुशंसा की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
इस खबर को भी पढ़े-आईपीएल : काइल जैमीसन पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप, चेतावनी के साथ एक डिमेरिट अंक मिला
इस खबर को भी पढ़े-आईपीएल 2026: राहुल बने ऑरेंज कैप के नए लीडर, पर्पल कैप सूची में आर्चर दूसरे स्थान पर


