संताल एक्सप्रेस
साहिबगंज – आईसीएसई बोर्ड ने गुरुवार को कक्षा 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया. इस बार 10वीं और 12वीं में साहिबगंज जिले के स्कूलों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10वीं और 12वीं में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है.
दसवीं बोर्ड परीक्षा में प्रोविडेंस स्कूल के छात्र दिव्यांशु गुप्ता ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया. वहीं 12वीं साइंस में संत जेवियर्स स्कूल के छात्र अभिनव कुमार ने 97.25 प्रतिशत अंक लाकर जिला में प्रथम स्थान प्राप्त किया.
कॉमर्स संकाय में संत जेवियर्स स्कूल की छात्रा जिया सिंह ने 89.25 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर बनने का श्रेय प्राप्त किया.
परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद संत जेवियर्स स्कूल के प्राचार्य फादर अरुल दोस ने खुशी जाहिर करते हुए सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी. उन्होंने कहा कि स्कूल ने इस वर्ष 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.वहीं प्रोविडेंस स्कूल की प्राचार्या वीणा जार्ज ने भी छात्रों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्कूल के लिए गर्व का विषय है कि उनके स्कूल के छात्र ने जिला टॉपर बनने का मुकाम हासिल किया है.
आईसीएसई बोर्ड के तहत् जारी इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में दोनों स्कूलों के छात्र व छात्राओं ने शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त किया है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


